कांग्रेस सांसद धीरज साहू के ठिकाने से 300 करोड़ बरामादगी के बाद भाजपा हुई हमलावर
- प्रेसवार्ता कर भाजपाईयों ने हेमंत सरकार से मांगा इस्तिफा, करेंगे प्रदर्शन
गिरिडीह। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के ठिकानों से आईटी रेड में मिले करीब 300 करोड़ नगद मामले को लेकर भाजपा कांग्रेस और हेमंत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम में शनिवार को भाजपा के जिला कार्यलाय में भाजपा जमुआ विधायक केदार हाजरा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साहू, चुन्नूकांत, जिला अध्यक्ष महादेव दुबे ने प्रेसवार्ता कर धीरज साहू और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। इस दौरान भाजपा नेताओे ने कहा कि रविवार को गिरिडीह भाजपा शहर में आक्रोश पूर्ण प्रदर्शन करेगी। जिसमे सैंकड़ो की संख्या भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
जमुआ विधायक केदार हाजरा ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास ही देश में घोटाला का रहा है। क्योंकि कांग्रेस को जब भी मौका मिला है तब इसने देश में घोटाले का कीर्तिमान बनाया है। जमुआ विधायक केदार हाजरा ने कहा कि राज्यसभा सांसद धीरज साहू के दर्जन भर ठिकाने से बरामद तीन सौ करोड़ नगद इसकी बानगी है। अभी आईटी की कारवाई जारी है तो तय है और नगद मिलेंगे, लेकिन हैरानी की बात है सीएम हेमंत सोरेन और प्रदेश कांग्रेस के सारे नेताओ के साथ नए गठबंधन के नेता भी धीरज साहू के मामले में मुंह बंद किए हुए है। कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में 725 करोड़ का घोटाला हुआ, और इसमें सोनिया और राहुल गांधी दोनों जमानत पर है। इससे साफ तौर पर साबित होता है कि कांग्रेस जिसे अपना सहयोगी बनाती हैं उसे भी भ्रष्ट बना देती है। इस दौरान भाजपाईयों ने धीरज साहू मामले में हेमंत सरकार से इस्तिफे की मांग की।
वहीं भाजपा नेता सुरेश साहू ने कहा कि सांसद के पास से 300 करोड़ नगद बरामद होने के बाद हेमंत सरकार के गरीबों वाले सरकार का दावा का सच सामने आया हैं। क्योंकि हर रोज धनबाद, गिरिडीह से करोड़ों रुपए हेमंत सरकार के पास जा रहे है। हेमंत सरकार के गिरिडीह के नुमाइंदे ही हेमंत सोरेन के पास करोड़ों रुपए हर माह भेजते है। ऐसे में हेमंत सरकार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
प्रेसवार्ता में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जिला महामंत्री संदीप डंगाईच, सुभाष चंद्र सिन्हा, किसान मोर्चा के दिलीप बर्मा, भाजपा नेत्री शालिनी वैशखियार समेत कई नेता मौजूद थे।