मिडिया दफ्तरों पर छापा के खिलाफ संघर्ष मोर्चा ने किया प्रतिवाद
कोडरमा। केन्द्र सरकार के इशारे पर दैनिक भास्कर और भारत समाचार पोर्टल के दफ्तरों पर आयकर छापा के खिलाफ सोमवार को प्रतिवाद स्वरूप किसान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में वाम प्रगतिशील संगठनों ने झण्डा चैक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रगतिशील संगठनों के कार्यकर्ता अपने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे। कार्यक्रम का नेतृत्व सीपीएम नेता संजय पासवान, असीम सरकार, माले नेता राजेन्द्र मेहता, आप के दामोदर यादव ने किया। जहां लोकतंत्र पर हमला नहीं सहेंगे, सरकार की नीतियों के खिलाफ लिखने वाले मिडिया को डराना बंद करो, मिडिया को गुलाम बनाने की साजिश नहीं चलेगी, जनतंत्र विरोधी मोदी सरकार हाय हाय आदि नारे लगाए जा रहे थे। इस अवसर पर उदय द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पिछले सात सालों मे केेंद्र की भाजपानीत मोदी सरकार के द्वारा संविधान और लोकतंत्र पर लगातार हमला किया जा रहा है। विरोध की आवाज को दबाने के लिए यह सरकार तानाशाही फांसीवादी रवैया अपना रही है। विपक्षी पार्टी के नेताओं, बड़े पत्रकारों, बड़े पदों पर बैठे अफसरों के खिलाफ गुप चुप तरीके से फोन टेपिंग कर जासूसी की जा रही है। जो भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ है। इस जनविरोधी फांसीवादी सरकार के खिलाफ सभी अमन पसंद प्रगतिशील संगठनों, विपक्षी दलों और आम जनता को एक होकर जनांदोलन तेज करना होगा। विरोध प्रदर्शन में सुरेन्द्र राम, बिनोद पांडेय, चरणजीत सिंह, नागेश्वर प्रसाद, रामचन्द्र राम, अशोक रजक, हरेंद्र दास, प्रकाश तिवारी, राजेन्द्र भुइयां, संजय वर्मा आदि मौजूद थे।