रांची पहंुची राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू, भाजपाईयों ने किया जोरदार स्वागत
- मौके पर भाजपा के वरीय नेता थे मौजूद, राज्य सत्ताधरी पार्टी से मांग सकती है समर्थन
रांची। राष्ट्रपति के लिए एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू सोमवार को रांची पहुंची। विशेष विमान से वे जैसे ही एयरपोर्ट से बाहर आईं भाजपाईयों ने जोरदार तरीके से उनका स्वागत किया। उनके साथ बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश थे।
रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में उनका नागरिक अभिनंदन किया गया। मंच पर द्रौपदी मुर्मू के साथ बीजेपी के वरीय नेताओं के अलावा केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा और भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक अर्जुन राम मेघवाल मौजूद थे। कार्यक्रम में रांची, धनबाद, जमशेदपुर के सांसदों के अलावे पार्टी के सभी विधायक मौजूद हैं।
एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने से पहले मुर्मू झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। वे समर्थन मांगने के लिए रांची पहुंची हैं। हालांकि झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झामुमो ने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। जबकि गठबंधन में शामिल कांग्रेस और राजद ने यशवंत सिन्हा को समर्थन देने की घोषणा की है।