हर्षोल्लास के साथ मनाया गया होली का त्योहार, खूब उड़े गुलाल
- बच्चो व युवक युवतियों के साथ साथ महिलाओं व पुरूषों ने जमकर खेली होली
- शहर के चौक चौराहे के साथ ही गली मुहल्लों में होली के गीतों में जमकर झुमे लोग
गिरिडीह। रंग मिले पानी की फुहारों के बीच आपसी भाईचारे का पर्व होली बुधवार को गिरिडीह में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हर कोई होली के इस रंगीन पर्व में डुबकी लगाते हुए दिखा। युवक, युवतियां, महिलाएं व पुरूषों के साथ साथ बच्चों ने जमकर होली खेली। बच्चो की टोली तो सुबह से ही होली खेलने में मग्न हो चुकी थी। एक दूसरे को रंग लगाना, और पानी की बौछार में बच्चों की टोली होली की खुमारी में सब भूल कर बस होली के रंग में डुबे हुए थे।

वहीं शहर के विभिन्न चौक चौराहे और गली मुहल्लों में होली के पारंपरिक लोकगीतों पर लोग झुम रहे थे। वहीं कई स्थानों पर इस दौरान कपड़ा फाड़ होली का भी अपना अलग अंदाज देखने को मिला। जबकि घरों में महिलाएं और युवतियां एक दूसरे को रंग लगाने के साथ ही रंगो से भरे टब में एक दूसरे को डुबोने में भी व्यस्त थी।

इस दौरान महिलाएं सुबह से ही होली के लजीज व्यंजन बनाने में व्यस्त रही। वहीं लोग परिवार के अन्य सदस्यों के साथ-साथ दोस्तों के संग इन लजीज व्यंजनों का जमकर लुत्फ उठाया। वहीं शाम ढलते ही लोग गुलाल खेलने निकले। इस दौरान लोग एक दूसरे के घर जाकर गुलाल लगाते होली की बधाईयां दी। वहीं घर के बड़े बुजुर्गो को गुलाल लगाकर आशीर्वाद लिया।