बालू व कोयला के अवैध उठाव को रोकने में सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित हुए एसडीपीओ
- इंटक ने मोमेंटो देकर एसडीपीओ अनिल सिंह को किया सम्मानित
- लोक उपक्रम को बचाने वाले लोगों को इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष करते है सम्मानित: ऋषिकेश
गिरिडीह। क्षेत्र में सराहनीय भूमिका व उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के द्वारा शनिवार को सदर अनुमंडल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह को सम्मानित किया गया। इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मंत्री सह पूर्व सांसद चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे के द्वारा भेजे गए मोमेंटो को इंटक के युवा अध्यक्ष सह कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव ऋषिकेश मिश्रा, राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के उपाध्यक्ष रमेश कुमार झा, असंगठित इंटक के अध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य मनोज दास, सचिव सुल्तान अंसारी एवं राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के मीडिया प्रभारी मो0 सरफराज अंसारी ने संयुक्त रूप से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह को देकर सम्मानित किया।
मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने इंटक को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे हमेशा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी के साथ निर्वाह करने का प्रयास करते है। वहीं कांग्रेस सह इंटक नेता ऋषिकेश मिश्रा ने बताया कि पिछले कई वर्षों से देश के हर राज्यों में सामाजिक क्षेत्र में खास करके लोक उपक्रम को बचाने वाले लोगों को इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तरफ से सम्मानित किया जाता रहा है। इसी क्रम में गिरिडीह के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सम्मानित किया गया है। इस दौरान उन्होंने कोयला चोरी रोकने एवं अवैध बालू उठाव पर रोक लगाने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की सराहना की।