बिरनी में पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का हुआ आयोजन
- गायत्री चेतना केंद्र एवं शिवालय निर्माण के लिए हुआ भूमि पूजन
गिरिडीह। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर ग्राम भलुआप्रखंड बिरनी में पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर पर गायत्री चेतना केंद्र एवं शिवालय के लिए भूमि पूजन का कार्य भी संपन्न हुआ। मौके पर ग्राम भलुआ सहित आसपास के काफी संख्या में लोगों ने गायत्री महायज्ञ में भाग लिया।
इस अवसर पर बोकारो उप जॉन प्रभारी बुधन प्रसाद वर्मा ने कहा कि गायत्री चेतना केंद्र के निर्माण होने से यहां पर स्वालंबन का प्रशिक्षण, बच्चों में संस्कार निर्माण हेतु संस्कारशाला का संचालन सहित अनेक रचनात्मक कार्य संपन्न होगें।

कार्यक्रम में बगोदर एवं गांडेय विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक नागेंद्र महतो एवं जयप्रकाश वर्मा ने भी भाग लिया। पूर्व विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि गायत्री परिवार के द्वारा समाज में जो सुधारात्मक कार्य किए जा रहे हैं वह प्रशंसा के योग्य है।
गायत्री परिवार जिला प्रमुख कामेश्वर सिंह ने कहा कि बिरनी प्रखंड के लिए यह केंद्र प्रकाश स्तंभ सिद्ध होगा। जहां ऋषियों द्वारा बताए गए सभी प्रकार के संस्कार निरंतर कराए जाएंगे एवं इस केंद्र से युवाओं को दिशा देने का कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में तारकेश्वर सिंह मुखिया, राजेंद्र प्रसाद यादव, सत्येंद्र रावत, राम कृष्ण प्रसाद वर्मा, प्रोफेसर विवेकानंद, राजेश रंजन कुशवाहा, दिनेश प्रसाद कुशवाहा, ननकू प्रसाद वर्मा, दरबारी महतो, गिरधारी प्रसाद वर्मा, चुल्हन महतो, जय प्रकाश राम, राजेश प्रसाद वर्मा, धनेश्वर महतो, रामदेव विश्वकर्मा, देवकी विश्वकर्मा, विश्वनाथ विश्वकर्मा सहित अन्य का सराहनीय योगदान रहा।