तिसरी प्रखंड में शुक्रवार को हुए अलग अलग सड़क दुर्घटना में एक की मौत
- एक महिला सहित तीन लोग हुए घायल
गिरिडीह। तिसरी थाना अंतर्गत तीन अलग-अलग स्थानों में बाइक दुर्घटना में एक की मौत हो गई। जबकि अन्य तीन लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज तिसरी अस्पताल में कराया गया।
जानकारी के अनुसार गुमगी के इंडगो गांव के पास मुख्य सड़क किनारे खजुर पेड़ पर बाइक की सीधी टक्कर मारने से 60 वर्षीय बाबुलाल पासवान की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जिसकी सूचना मिलते ही तिसरी पुलिस घटना स्थल पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया और पोसटमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक बाबुलाल पासवान अपने बहन घर बेंगाबाद से घर बीरने गांव जाने के दौरान बाइक असंतुलित होकर मुख्य सड़क किनारे खजुर पेड़ में टक्कर मार दिए। जिससे मृतक का माथा फट गया। मृतक यदि हेलमेट पहने रहते तो शायद जान बच सकती थी।
दूसरी घटना मुखिया का नॉमिनेशन कराने जा रहे जुलुश में शामिल एक महिला को बाइक से टक्कर मारने से महिला व बाइक चालक रितेश को गंभीर चोट लगी है। घायल महिला को अंदरूनी चोट लगने से स्थिति नाजुक बताई जा रही है। जिन्हें तिसरी अस्पताल में इलाज के बाद गिरिडीह रेफर कर दिया गया। वहीं तीसरी घटना पंदना टांड़ गांव के पास बाइक सड़क पर असंतुलित होकर गिरने से कृष्ण मिस्त्री का माथा जख्मी हो गया। जिसका इलाज तिसरी अस्पताल में कराया गया।