पंचायत भवन परिसर में आदर्श फाउंडेशन ने किया वृक्षारोपण
- पर्यावरण संरक्षण हेतू समाज के हर वर्ग आगे आएं: कन्हाय राम
गिरिडीह। गावां एवं आदर्श फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पंचायत भवन स्थित परिसर में गावां मुखिया सह मुखिया संघ के अध्यक्ष कन्हाय राम एवं आदर्श फाउंडेशन के सचिव सुरेन्द्र कुमार त्रिपाठी के द्वारा आठ छायादार पौधें लगाते हुए इनकी सुरक्षा के इंतजाम भी किये गए।
गावां मुखिया सह मुखिया संघ के अध्यक्ष कन्हाय राम ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन को लेकर दुनियां भर के देश चिंतित हैं। हम सभी को पौधारोपण एवं उसकी सुरक्षा के लिए आगे आने की जरूरत है। कहा कि सिर्फ सोचने और कागज पर रूट चार्ट बनाने से काम नहीं चलेगा, हर व्यक्ति साल में एक पौधा लगाए और उसकी सुरक्षा की जवाबदेही ले तो पर्यावरण के संकट से राहत मिलेगी।
सामाजिक कार्यकर्ता सह आदर्श फाउंडेशन के सचिव सुरेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सभी सार्वजनिक जगहों पर फलदार एवं छायादार पौधा लगाने के साथ-साथ उसकी सुरक्षा भी सुनिश्चित करवाना है इसके लिए समाज के हर वर्ग को आगे आने का वक्त आ गया है।
पौधारोपण अभियान में मुखिया संघ गावां के अध्यक्ष बुगुन राम, आदर्श फाउंडेशन के सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप कुमार, भोला रविदास और सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी उपस्थित थे।