कलश स्थापन के मौके पर गायत्री शक्तिपीठ सहित जिले के सभी प्रज्ञापीठों में मंगल कलश की की गई स्थापना
- नवरात्र में 24 हजार गायत्री महामंत्र का जप करने का लिया संकल्प
गिरिडीह। शारदीय नवरात्र के शुभ अवसर पर शहर के तिरंगा चौक स्थित गायत्री शक्तिपीठ सहित जिले के प्रखंडों में स्थित प्रज्ञापीठ एवं चेतना केंद्रों में मंगल कलश की स्थापना की गई। जिले में 5000 परिजनों के द्वारा गायत्री महामंत्र लघु अनुष्ठान का संकल्प लिया गया। साथ ही मनुष्य मात्र के उज्जवल भविष्य एवं कल्याण के लिए अपने-अपने घरों में नवरात्र के 9 दिनों तक 24000 गायत्री महामंत्र का जप करने का संकल्प लिया गया।

गायत्री शक्तिपीठ गिरिडीह में कार्यक्रम का शुभारंभ पूनम गुप्ता एवं उर्मिला अग्रवाल के द्वारा मां गायत्री की वंदना से की गई। वहीं जिला युवा प्रभारी अरुण कुमार के द्वारा उपस्थित लोगों को अनुष्ठान का संकल्प कराया गया। मौके पर उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने जीवन में सद्बुद्धि की वृद्धि के लिए नित्य गायत्री महामंत्र का जप अवश्य करना चाहिए। गायत्री महामंत्र का नित्य जप करने से व्यक्ति की प्राण शक्ति बढ़ती है एवं आत्मबल का विकास होता है। साथ ही नित्य गायत्री महामंत्र जप करने से बुराइयों से भी मनुष्य को छुटकारा मिलता है और स्वास्थ्य में भी सुधार होता है। वर्तमान समय में पूरे जिले में मिशन की संचालिका माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष 2026 के निमित्त मंत्र लेखन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी से इस अभियान में शामिल होने का आग्रह किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रमुख कामेश्वर सिंह, दर्शन पंडित, योगेश्वर महतो, अरुण कुमार, महेश गुप्ता, अमित कुमार, नरेश यादव, तुलसी पंडित, दयानंद प्रसाद, महेश गुप्ता, प्रकाश गुप्ता, विभु मोहन, संजय सिंह, श्याम सुंदर राम, पोखन महतो, जय प्रकाश राम, उर्मिला बरनवाल, पार्वती बरनवाल, अर्चना देवी, पूनम गुप्ता, पूनम राम, शीला देवी सहित महिला मंडल की सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।