चलंत लोक अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
ग्रामीणों को दी गई कानून के साथ साथ योजनाओं की जानकारी
कोडरमा। झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार कोडरमा के तत्वावधान में चलंत लोक अदालत सह कानूनी जागरूकता का आयोजन मरकच्चो प्रखंड मुख्यालय के सभागार में किया गया। शिविर को संबोधित करते हुए मरकच्चो के अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी राम सुमन प्रसाद ने कहा कि शिक्षा के द्वारा ही व्यक्ति अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीन विकास कर सकता है। उन्होंने दहेज प्रतिषेध अधिनियम, महिलाओं से संबंधित कानूनी प्रावधान एवं बच्चों के अधिकारों से संबंधित कई महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी दी। साथ ही प्राधिकार द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया।
इस दौरान श्री प्रसाद ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण ही एकमात्र उपाय है। कोरोना का टीका पूरी तरह सुरक्षित है, इसको लेकर किसी भी प्रकार की भ्रान्ति में नहीं पड़े और टीका अवश्य लगवाए। साथ ही साथ सामाजिक दूरी का पालन करते हुए मास्क का प्रयोग करें। जागरूकता ही कोरोना का सबसे बड़ा उपाय है।
शिविर को संबोधित करते हुए प्राधिकार के रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि लोग अपने अधिकारों के प्रति सजग रहे और शिक्षित होकर देश के नवनिर्माण में अपनी अहम भागीदारी सुनिश्चित करें। शिविर का संचालन करते हुए पारा लीगल वोलेनटियर महेश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। मौके पर पीएल विकास कुमार, विकास कुमार रजक, मुकेश प्रसाद, सुरेन्द्र प्रसाद वर्मा, अर्जुन प्रसाद कुशवाहा, अविनाश कुमार पासवान, किसुन साव, काजल देवी, रूबी वर्मा, गीता देवी, पूजा देवी, रजिया खातून, कृष्ण कुमार वर्मा, कुसुम देवी सहित अन्य लोग मौजूद थे।