क्रिसमस को लेकर जगमगाए गिरिजाघर, चरनी सहित क्रिसमस ट्री बना आकर्षण को केन्द्र
- बाजार में भी दिखी खरीददारी को लेकर चहल पहल, मसीह समाज सहित अन्य लोगों में दिखा उत्साह
गिरिडीह। प्रेम और प्रभु यीशु के जन्मोत्सव का पर्व क्रिसमस 25 दिसंबर यानि रविवार को मनाया जायेगा, लेकिन शनिवार से ही प्रभु यीशु के जन्मोत्सव के महापर्व को लेकर ईसाई समूदाय के साथ साथ हर कोई क्रिसमस के उत्साह में डुबा हुआ है। इस दौरान शनिवार की शाम से ही हर एक गिरिजाघर रंग बिरंगी रोशनी से नहा उठा। इस बीच शनिवार को जहां बाजार में क्रिसमस को लेकर काफी चहल पहल रही। वहीं ईसाई समूदाय के लोग क्रिसमस की तैयारी को अंतिम रूप देते दिखे। मसीह समूदाय के लोग घरों को आकर्षक रूप से सजाने के साथ ही केक, क्रिसमस ट्री, चॉकलेट सहित अन्य सामानों की खरीददारी करते दिखे। इस दौरान शहर के विभिन्न मॉल व व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में क्रिसमस को लेकर विशेष व्यवस्था की गई थी। जिससे आकर्षित होकर भी लोग खरीददारी करने के लिए पहुंच रहें थे।

इस दौरान शहर के कोलडीहा स्थित पीएच चर्च, बरगंडा स्थित जेम्स चर्च, पचंबा रोड स्थित ख्रिस्त राजा चर्च और सीएनआई चर्च, रेलवे चर्च, जंगलपुरा स्थित बैथेलग्राम चर्च सहित अन्य गिरिजाघरों को आकर्षक रूप से सजाया गया है। साथ ही रविवार की सुबह होने वाले प्राथना सभा के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है। इस क्रम में ख्रिस्त राजा चर्च में चरनी बनाने के साथ ही क्रिसमस ट्री लगाया गया है।
बरगंडा चर्च के पास्टर सुबोध मसीह की माने तो क्रिसमस का त्योहार पूरी दुनिया को प्रेम का संदेश देने वाला त्योहार है। प्रभु यीशु ने पूरी दूनिया को प्रेम का संदेश दिया था। इसलिए उनके जन्मोत्सव को क्रिसमस के रूप में मनाया जाता है। कहा कि लोगों को मिलजूलकर आपसी भाई चारे के साथ रहना चाहिए।