भारत मुक्ति मोर्चा एवं बहुजन क्रांति मोर्चा ने दिया एक दिवसीय धरना
- आरएसएस और भाजपा पर लगाया भारतीय संविधान पर हमला करने का आरोप
गिरिडीह। भारत मुक्ति मोर्चा एवं बहुजन क्रांति मोर्चा द्वारा राष्ट्रव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत शुक्रवार को शहर के अंबेदकर चौक में एक दिवसीय धरना दिया गया। धरना का आयोजन भारत मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बहुजन क्रांति मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक वामन केश्राम के अहवान पर किया गया। धरना के माध्यम से वक्ताओं ने आरएसएस एवं भाजपा पर भारतीय संविधान पर प्रहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा लगातार संविधान के विरोध में कार्य कर रही है। यहां तक कि भाजपा के लोग संविधान को भी बदलने की बात कर रहे है। जो न सिर्फ संविधान द्रोह बल्कि राष्ट्रद्रोह के दायरे में आता है।

कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार जातिगत जनगणना नही कराकर ओबीसी को ठगने का काम कर रही है। वहीं आदिवासियों को जबरन धर्मांतरण कराकर उन्हें हिन्दू बनाने का कार्य किया जा रहा है। कहा कि भाजपा शासित राज्यों में जनता के मौलिक अधिकारों पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तरीके से हमला किया जा रहा है।
धरना के दौरान बहुजन क्रांति मोर्चा प्रवीण कुमार, महेन्द्र रजक, सुरेन्द्र प्रसाद कुशवाहा, प्रकाश दास, डॉ राजेश कुमार, डॉ बरनावस हेम्ब्रम, मो0 मंसूर अंसारी, शक्ति पासवान, किशोरी कुमार, अरविन्द नागवंशी, रतन पासवान, मनोज कुमार दास, बीपी दीपक सहित कई लोग मौजूद थे।