झारखंड में जारी राजनीति हलचल के बीच आप के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा
- इतिहास में दर्ज होगा लोकतंत्र का यह काला दिन
गिरिडीह। स्वतंत्र भारत के इतिहास में जिस तरह से विपक्ष के नेताओं को टारगेट करके भ्रष्ट बताया जा रहा है और कार्रवाई की जा रही है। ये लोकतंत्र के लिए काला दिन इतिहास में दर्ज होगा। उक्त बातें आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने गुरूवार को झारखंड में न सीएम न सरकार की हालात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली हुई है। कहा कि जिन्हें भाजपा भ्रष्ट बताती थी, वो भाजपा की सरकारों में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्री बने हुए हैं। हिमन्ता बिस्वा सरमा, अजीत पवार, नारायण राणे, शुभेन्दु अधिकारी, छगन भुजबल, पेमा खांडू आदि कई ऐसे उदाहरण हैं। कहा कि जो विपक्ष का नेता रुके नहीं, झुके नहीं, दबे नहीं, डरे नहीं – उनको बारी बारी से जेल भेजा जा रहा है।
श्री शर्मा ने चंडीगढ़ में मेयर चुनाव में गिनती में हेरफेर का वायरल वीडियो की जानकारी देते हुए कहा कि पीठासीन पदाधिकारी ने गलत तरीके से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन उम्मीदवार को हराने और भाजपा उम्मीदवार को जीताने का काम किया है, जो मामला अभी कोर्ट में है। उन्होंने देश के छात्र नौजवानों से आह्वान किया कि लोकतंत्र को बचाने के लिए वे आगे आयें। संविधान और लोकतंत्र बचेगा तभी हम विकसित भारत बनायेंगे नहीं तो खोखले नारों का कोई फायदा नहीं है। महंगाई बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता त्राहि-त्राहि कर रही है।