पति पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी ने पंखे से फंदा लगाकर दी जान
- मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, घटना के बाद से पति फरार
गिरिडीह। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खुटरीबाद गांव में बुधवार की सुबह खुटरीबाद निवासी कमरुद्दीन अंसारी की पत्नी 28 वर्षीय गुलजहान बीबी का शव उसके घर से फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। महिला का शव उसके कमरे में सीलिंग फेन से लटका हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के मायके के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए बेंगाबाद थाना में शिकायत की है। मायके वालों का कहना है कि हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया गया है। इधर घटना के बाद से महिला का पति फरार बताया जा रहा है।
बताया जाता है कि पति पत्नी के बीच आपसी विवाद चल रहा था। घटना के पहले भी दोनों के बीच लड़ाई झगड़ा हुआ था। जानकारी के अनुसार मृतका 28 वर्षीय गुलजहान बीबी खुटरीबाद निवासी कमरुद्दीन अंसारी की पत्नी थी। दोनों की शादी वर्ष 2012 में हुई थी। मृतका को तीन पुत्र है। मंगलवार की शाम दोनों पति पत्नी के बीच लड़ाई झगड़ा हुआ था। वहीं बुधवार की अहले सुबह महिला का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया।
इधर घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पायेगा।