निमियाघाट में एक ही कमरे में मिली मां और सात माह बेटी का शव
- मां बेटी का अलग-अलग तरीके से शव मिलने से पुलिस भी हैरान
गिरिडीह। जिले के निमियाघाट थाना इलाके के तेंगराखुर्द के लकरगड़ा टोला में संदिग्ध हालात में 22 वर्षीय महिला अंजनी देवी और उसकी सात माह की बेटी नैना कुमारी का शव एक ही कमरे में पाया गया। अंजनी का शव जहां रस्सी से झूल रहा था। वहीं उसकी सात माह की बेटी नैना का शव खाट पर पड़ा हुआ मिला। इस घटना को लेकर टोला में ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चा रही। इधर सूचना पर निमियाघाट थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंच कर मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि दोनों के शव को देख निमियाघाट थाना पुलिस भी हैरान थी। दोनांे में से किसी के शव पर कोई जख्म के निशान तक नही थे ओर न ही शव के पास कोई ऐसा नोट मिला, जिससे मामला आत्महत्या का लगे। लिहाजा, निमियाघाट थाना पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इतंजार में है।
जानकारी के अनुसार मृतका अंजनी और नैना के दादा पंचानन महतो ने रविवार की सुबह निमियाघाट थाना पुलिस को जानकारी दिया की उनकी बहू अंजनी और पोती नैना का शव कमरे में पड़ा हुआ है। क्योंकि जब रविवार को अंजनी ने काफी देर तक दरवाजा नही खोला, तो सब्बल से दरवाजा को तोड़ा गया। दरवाजा तोड़ने पर देखा की अंजनी का शव रस्सी से झूल रहा है। जबकि पोती नैना का शव खाट पर पड़ा हुआ है। इसके बाद ही पंचानन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार पंचानन महतो की चार बहू है, जबकि उसके चारो बेटे मुंबई में रहते है और नौकरी करते है। मृतका का पति और नैना का पिता प्रकाश महतो भी मुंबई में रहकर नौकरी करता है। फिलहाल घटना की जानकारी प्रकाश को भी दी गई है। लेकिन दोनांे के संदिग्ध मौत के कारणों का खुलासा अभी तक नही हुआ है।