गांवा के बलवागढ़ो में तिसरी के किसान की धारदार हथियार से हुई हत्या
- पशु चराने के क्रम में ग्रामीण की पड़ी शव पर नजर, जांच में जूटी पुलिस
गिरिडीह। जिले के गांवा थाना इलाके के जामदार के बलवागढ़ो गांव में किसान की हत्या धारदार हथियार से अज्ञात अपराधियों ने कर दी। हत्या की यह घटना कितने बजे की है और किस कारण से किसान बाशो महतो की हत्या की गई है, यह तो स्पष्ट नही हो पाया है, लेकिन सोमवार की सुबह 60 वर्षिय किसान बाशो महतो का शव जंगल में पड़ा मिला। हैरानी की बात तो यह है कि मृतक बाशो महतो बगल के दूसरे थाना क्षेत्र तिसरी के मंझलाडीह गांव का रहने वाला था। जबकि उसका शव गांवा थाना इलाके के बलवागढ़ों गांव के जंगल में पड़ा मिला। लिहाजा, मृतक बाशो गांवा कैसे पहुंचा, और उसकी हत्या कैसे हुई। इसे लेकर गांवा थाना पुलिस भी परेशान हैं।

बताया जाता है कि सोमवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण जंगल से पशु चरा कर लौट रहे थे, तो उनकी नजर जंगल में पड़े शव पर गया। जानकारी के अनुसार मृतक के सिर पर धारदार हथियार से किए गए जख्म के तीन निशान होने की बात सामने आई है। इधर जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक राजकुमार यादव भी घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेते हुए गांवा थाना पुलिस से स्पेशल जांच टीम गठित कर अपराधियो को गिरफ्तार करने की मांग की। जानकारी मिलने के बाद काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ भी घटनास्थल पर जुटी।