LatestNewsगिरिडीहझारखण्डराज्य

जिले के राजधनवार से शुरु हुई कांग्रेस की भारत गौरव पदयात्रा

  • काफी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता हुए शामिल
  • 14 अगस्त को गिरिडीह मुख्यालय पहुंचेगी भारत गौरव पदयात्रा
  • कांग्रेसियों ने कहा यह देश नेहरू, सुभाष, पटेल का देश

गिरिडीह। कांग्रेस द्वारा 9 अगस्त से 14 अगस्त तक आयोजित भारत गौरव यात्रा की शुरूआत मंगलवार को जिले के राजधनवार कांग्रेस आश्रम से की गई। पदयात्रा की शुरुआत स्व. पुनीत बाबू की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गई। कांग्रेस आश्रम से यात्रा निकलकर शहर भ्रमण करते हुए गांधी चौक पहुंची जहां बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष नरेश वर्मा ने कहा कि आज अत्यंत गौरव का दिन है आजादी के 75 वर्ष पूरे हो चुके हैं और इसी गौरव गाथा का बखान करने के लिए हम कांग्रेश कर्मी जिलेभर पदयात्रा के लिए निकले है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतीश केडिया ने कहा कि 1857 में स्वतंत्रता प्राप्त करने के लिए जो चिंगारी भड़की थी उसे अंग्रेजों ने बहुत बेदर्दी से दबाया था, लेकिन सन् 1885 के बाद कांग्रेस ने इस आंदोलन की कमान संभाली और 1942 में महात्मा गांधी ने करो या मरो अंग्रेजों भारत छोड़ो का नारा दिया जो सारे भारत में फैल गया और अंग्रेजों को बहुत जल्द भारत छोड़ना पड़ा था। आज नई पीढ़ी आजादी में कांग्रेस के योगदान को पूरी तरह से नहीं जानती और कुछ लोग इस योगदान को मिटाना चाहते हैं, लेकिन नेहरू सुभाष पटेल का देश है यह आज की नई पीढ़ी को बताने के लिए यह गौरव यात्रा निकाली गई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धनंजय सिंह ने कहा कि आजादी में कांग्रेस के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। वहीं धनवार के प्रमुख गौतम सिंह ने कहा कि आज युवाओं को आगे बढ़कर इस देश की आजादी की दूसरी लड़ाई मतलब इस देश को जो दिग्भ्रमित कर एक अलग विचारधारा में ले जाने की कोशिश की जा रही है उसे बचाना होगा।

कार्यक्रम को बलराम यादव, अजय सिन्हा, अशोक विश्वकर्मा, अमित सिन्हा, समीर चौधरी, राजेश तुरी, कृष्णा राय, विमल सिंह, राजेंद्र देव, परेश नाथ मिश्रा, सच्चिदानंद सिंह ने भी संबोधित किया। वहीं कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रमोद चौधरी, निरंजन तिवारी, मनोज राय, निरंजन राय, प्रमोद राय, राहुल कुमार, संजय कुमार, सहदेव पासवान, नारायण रविदास सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान दर्जनों लोगों ने गौतम सिंह के नेतृत्व में भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा।

Please follow and like us:
Show Buttons
Hide Buttons