चलन्त लोक अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन
कोडरमा। झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार राँची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार कोडरमा के द्वारा शुक्रवार को जयनगर प्रखंड के सतडीहा पंचायत भवन में चलन्त लोक अदालत सह कानूनी जागरूकता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राधिकार के रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि साधन के अभाव में कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रह सकता। श्री सिंह ने कहा की बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है और बाल विवाह में प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से शामिल प्रत्येक व्यक्ति को कठोर दण्ड दिए जाने के प्रावधान है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा लोगों को हर प्रकार की कानूनी सहायता उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि लोग आपस में छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ जाते है जिसके कारण वे अपने समय एवं पैसे को बर्बाद करते है, लोगों को इनसे बचने की जरुरत है। लोगों को संबोधित करते हुए कोलकाता विश्वविद्यालय की विधि की छात्रा सुप्रिया रॉय ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण ही एकमात्र उपाय है। कोरोना का टीका पूरी तरह सुरक्षित है, इसको लेकर किसी भी प्रकार की भ्रान्ति में नहीं पड़ें और टीका अवश्य लगवाएं। साथ ही सामाजिक दूरी का पालन करते हुए मास्क का प्रयोग करें। जागरूकता ही कोरोना का सबसे बड़ा उपाय है जागरूकता के माध्यम से ही लोग अपने अधिकारों को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने प्राधिकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सभी सुविधाओं के बारे में लोगों को अवगत कराते हुए कहा कि कानून की जानकारी सभी को होनी चाहिए। कानून की जानकारी नहीं होने के कारण लोगों को बहुत सारी परेशानियों को झेलना पड़ता हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिसके द्वारा समाज के सभी कुरीतियों को दूर किया जा सकता है।
इन्होने किया संबोधित

शिविर को सतडीहा पंचायत की मुखिया सरिता देवी, रोजगार सेवक विकास कुमार, पिंकी देवी एवं समाजसेवी प्रदीप राणा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पीएलवी शिव कुमार मोदी व धन्यवाद ज्ञापन पीएलवी उपेन्द्र कुमार राणा ने किया। मौके पर पीएलवी राजीव कुमार, दिनेश कुमार रजक, अर्जुन रविदास, शिव शंकर यादव, पूजा कुमारी, प्रियंका कुमारी, माधुरी राय, अंजू देवी, रूबी कुमारी, किरण कुमारी, रीना देवी, बिमला देवी, काजल कुमारी, रोहित राणा, अरविन्द कुमारी, सोनू सागर सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे।