अब संजीवनी वाहन से हॉस्पिटल में ऑक्सीजन की कमी होने पर उपलब्ध करायेगा ऑक्सीजन
- सीएम ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को किया रवाना
- संजीवनी वाहन में 24 घंटे लोड रहेंगे ऑक्सीजन सिलेंडर
रांची। कोरोना संक्रमण के दौरान रांची में ऑक्सीजन की किल्लत को दूर करने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से एक विशेष पहल करते हुए संजीवनी वाहन तैयार किया गया है। जिसमें हमेशा आॅक्सीजन सिलेंडर लोड रहेंगे और वह 24 घंटे एक्शन के मोड में रहेंगे। सीएम हेमंत सोरेन ने मंगलवार को सीएम हाउस में हरी झंडी दिखाकर इसकी पहली गाड़ी को रवाना किया। संजीवनी वाहन के माध्यम से रांची के जिस अस्पताल में ऑक्सीजन की जरूरत होगी, उसे तत्काल आॅक्सीजन मुहैया कराया जाएगा। इसकी बेहतर तरीके से मॉनिटरिंग के लिए इसमें जीपीएस भी लगाया गया है।
मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार ने पहले चरण में रांची जिले के अस्पतालों को ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संजीवनी वाहन की शुरुआत की है। इसके बाद धनबाद और जमशेदपुर में इसे शुरू किया जाएगा। इससे उपचार करा रहे मरीजों को ऑक्सीजन के लिए चिंता नहीं करनी होगी। कहा कि संक्रमितों के बेहतर इलाज को लेकर ऑक्सीजन व अन्य चिकित्सीय संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।




