नगर निगम बोर्ड की बैठक में 462 करोड़ का बजट हुआ पास
- वर्ष 2023 से 24 के बीच शहर के विकास के लिए किया जायेगा कार्य
- बोर्ड की बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दे नही हुई कोई खास चर्चा
गिरिडीह। नगर निगम बोर्ड की बैठक सोमवार को टाउन हॉल में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से सदर विधायक सुदीब्य कुमार सोनू, प्रभारी महापौर प्रकाश राम, उप नगर आयुक्त स्मिता कुमारी, अर्बन प्लानर मंजूर आलम, सिटी मैनेजर विशाल सुमन समेत सभी वार्ड पार्षद मौजूद थे। बोर्ड की बैठक के दौरान कुल 8 प्रस्तावों पर विचार विमर्श किया गया। जिसमें पिछले बैठक की संपुष्टि करने के साथ ही वर्ष 2023-24 के लिए 462 करोड़ रुपए की स्वीकृति, पूर्व में कार्यान्वित योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति पर विचार, हुट्टी बाजार दुकानों का पूर्व में किए गए आवंटन को रद्द करते हुए नीलामी कर पुनः बंदोबस्ती करने पर विचार आदि मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। हालांकि बैठक कई जनहित के मुद्दे बोर्ड के बैठक से गायब रहे। खास तौर पर कई वार्ड पार्षद ने सिर्फ वैसे ही मुद्दो पर चर्चा किया, जो वार्ड पार्षदो के हित से जुड़ा हुआ था। लेकिन निगम इलाके में ठप पड़े कामों को लेकर कोई खास चर्चा नही की गई।

बैठक के दौरान सदर विधायक श्री सोनू ने बताया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर आज की बोर्ड बैठक में चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि रेवेन्यू कनेक्शन को हर हाल में बढ़ाना है ताकि रुके हुए कार्य हो सकें। प्रभारी महापौर प्रकाश राम ने कहा कि बोर्ड की बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर प्रस्तावां को सर्वसम्मति से पारित किया गया। उन्होंने कहा कि कुल 462 करोड़ रुपए का बजट पास हुआ। जिसे निगम क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए एक सालों में खर्च किए जाएंगे। साथ ही निगम क्षेत्र अंतर्गत जितने भी दुकानें हैं उसका भाड़ा भी बढ़ाया गया।

दो घंटे तक चले बैठक के बाद नगर भवन में होली की जमकर मस्ती हुई। वार्ड पार्षदो के साथ सदर विधायक और डिप्टी मेयर प्रकाश सेठ और उप नगर आयुक्त स्मृति कुमारी भी जमकर होली खेली। वहीं महिला वार्ड पार्षदो की टोली होली के फगुआ गीतों पर झुमती दिखी। मौके पर पार्षद रंजित यादव, अशोक राम, सुमित कुमार, अशोक रजक, चंद्रशेखर, सेफ अली गुड्डू, रूमी अख्तर, नीलम झा, सरिता देवी, गुड़िया देवी, आरती देवी समेत सभी वार्ड पार्षद मौजूद थे।