गायत्री परिवार ने किया विचार गोष्ठी का आयोजन
- आपके द्वार पहुंचा हरिद्वार कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर चर्चा
- दस लाख घरों में हरिद्वार स्थित गंगाजल पहुंचाने का लक्ष्य किया निर्धारित
गिरिडीह। अखिल विश्व गायत्री परिवार गिरिडीह के द्वारा रविवार को जमुआ प्रखंड अंतर्गत ग्राम मंगलो में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। विचार गोष्ठी का संचालन जमुआ प्रखंड संयोजक किशुन महतो ने किया। वहीं विचार गोष्ठी में जमुआ प्रखंड में आपके द्वार पहुंचा हरिद्वार कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर चर्चा की गई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए गायत्री शक्तिपीठ गिरिडीह प्रतिनिधि प्रकाश मंडल ने कहा कि कुंभ महापर्व 2021 के अवसर पर गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के द्वारा पूरे देश के दस लाख घरों में हरिद्वार स्थित गंगाजल पहुंचाया जाएगा। साथ ही देव स्थापना भी की जाएगी। जिन-जिन घरों में यह कार्यक्रम किया जाएगा। उनके सदस्यों को प्रत्येक दिन गायत्री महामंत्र उपासना का संकल्प करवाया जाएगा एवं अपने जीवन में एक-एक बुराई छोड़ने एवं एक-एक अच्छाई अपनाने का संकल्प भी कराया जाएगा।
इस दौरान जमुआ प्रखंड के उपस्थित परिजनों के द्वारा प्रखंड के 11 गांव के 24-24 घरों में यह कार्यक्रम करवाने का संकल्प लिया गया। विचार गोष्ठी को सफल बनाने में मुखिया प्रतिनिधि विष्णु नारायण वर्मा, नरेश प्रसाद यादव, नारायण महतो, श्याम लाल महतो, संजय कुमार वर्मा, बद्री शर्मा, शैलेंद्र कुमार वर्मा, चेतलाल पंडित, हेमलाल महतो, आनंद कुमार एवं मुखिया मेड़ो चपरखो पंचायत शांति वर्मा, जयप्रकाश राम का सराहनीय योगदान रहा।