झारखंड सरकार के बजट को भाजपाईयों ने नकारा, समर्थकों ने सराहा
विता मंत्री में दूरदर्शिता का बड़ा अभाव: नितेश चंद्रवंशी
कोडरमा। झारखंड सरकार के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव द्वारा जो बुधवार को पेश किये गये बजट का जहां भाजपाईयों ने विरोध किया है, वहीं समर्थकों ने इसे बेहतर बजट बताया है। भाजपा जिला अध्यक्ष नितेश चंद्रवंशी ने कहा कि बजट में युवाओं को ठगने का प्रयास किया गया है। महिलाओं के लिए किसी भी तरह की योजना नहीं लाई गई है। इस बजट से झारखंड 2 वर्ष और पीछे चला गया है। झारखंड सरकार के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने युवाओं, किसानों व महिलाओं के प्रति कोई रुझान नहीं रखा है।। सरकार की योजना को देखकर ऐसा लग रहा है कि इनमें दूरदर्शिता का बड़ा अभाव है।

कोरोना काल में संतुलित बजट: माकपा
वहीं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता संजय पासवान ने इसे संतुलित बजट बताते हुए कहा कि जब केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा गैर भाजपा सरकारों को जीएसटी का पूरा हिस्सा नहीं दे रही है, संघीय ढांचे को कमजोर किया जा रहा है, वैसे समय में और कोरोना काल में हेमन्त सरकार का यह एक संतुलित बजट है। बजट में किसानों और कृषि क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया गया है। वहीं 108 नम्बर एंबुलेंस योजना मजबूत करने के लिए 117 नए एंबुलेंस खरीद की मंजूरी दी गई है। राज्य के 8 दुर्घटना वाले इलाके में नए ट्रामा सेन्टर खोलने की मंजूरी दी गई है, जो स्वागत योग्य है।