अर्थव्यवस्था को प्रभावित करने वाले बजट को लेकर भाजपा ने किया प्रेसवार्ता का आयोजन
- देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती व पटरी पर लाने वाला बजट: अन्नपूर्णा
- यह बजट किसानों के लिए साबित होगा वरदान: डाॅ नीरा
कोडरमा। झुमरी तिलैया के होटल रामेश्वरम में भाजपा द्वारा 2021-22 के देश की अर्थव्यवस्था मजबूत करने की बजट पर एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी एवं कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव उपस्थित हुईं। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किये गये बजट में सभी वर्ग के लोगों का खास ख्याल रखा गया है। बजट के अनुसार 75 साल से अधिक उम्र के वरीष्ठ नागरिकों को आईटीआर भरने की आवश्यकता नही है। बीमा क्षेत्र पर सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए एफडीआई को बढ़ाकर 74 प्रतिशत कर दिया है। लेह में केन्द्रीय विश्वविद्यालय खोलने के साथ-साथ सौ नये सैनिक स्कूल खोले जाने की घोषणा की गयी है। वहीं रेलवे पर 1.15 लाख करोड़ रूपये खर्च किये जायेंगे।
कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ्य भारत योजना लाॅच होगी। कृषि सेक्टर के लिए 16.5 लाख करोड़ रूपये के बजट का ऐलान किया गया है, जो काफी सराहनीय है। वहीं काॅपर और स्टील में ड्यूटी घटायी गयी है। इस बजट की दो अहम बातें हैं, जिसमें इन्फ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा खर्च किया गया है तथा हेल्थ केयर सेक्टर पर काफी जोर दिया गया है। वित्त मंत्री ने हेल्थ बजट में 137 फिसदी का ईजाफा किया है। पिछले बजट में हेल्थ बजट 94 हजार करोड़ रूपये का था, जो अब 2.23 लाख करोड़ रूपये का होगा। कोरोना वैक्सीन के लिए 35 हजार करोड़ रूपये दिये जायेंगे। साथ हीं आवश्यकता पड़ी तो इसके लिए ओर भी बजट मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बच्चों को निमोनिया से बचाने के लिए पुरे देश में निमोकोक्कल वैक्सीन लगायी जायेगी। इस निमोनिया से प्रत्येक साल लगभग 50 हजार बच्चों की मौत होती है। साथ ही 15 हेल्थ इमरजेंसी सेंटर एवं 02 मोबाईल हाॅस्पिटल शुरू होंगे। रूरल इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड को 30 हजार करोड़ से बढ़ाकर 40 हजार करोड़ रूपये कर दिया गया है। एमएसपी के तहत जितना भी किसान का लागत हुआ, उससे डेढ़ गुना अधिक पैसा किसान को मिलेगा जो कि निश्चित है। यह भाजपा के कार्यकाल में निरंतर बढ़ता ही जा रहा है। सांसद ने कहा कि कांग्रेस के शासन में गेहूं का एमएसपी वित्तीय वर्ष 2013-14 में 33 हजार 874 करोड़ था, जो भाजपा के शासन में वित्तीय वर्ष 2019-20 में बढ़कर 62 हजार 802 करोड़ हो गया। वहीं वित्तीय वर्ष 2020-21 में इसे बढ़ाकर 75 हजार 60 करोड़ कर दिया गया है।
विधायक डॉ. नीरा यादव ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस बजट में आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ नही डाला गया है और उन्हें कई सुविधाएं दी गयी है। यह बजट किसानो के लिए वरदान है तथा इसमे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की साल 2022 तक किसानों की आय को दोगुनी करने की इच्छा की झलक है। इसमे यथार्थ का एहसास और विकास का विश्वास भी है। कोरोना ने दुनिया में जो प्रभाव पैदा किया, उसने पुरी मानव जाति को हिला कर रख दिया। इन परिस्थितियों के बीच बजट भारत के आत्मविश्वास को उजागर करने वाला है। कोरोना वैक्सीन के लिए 35 हजार करोड़ रूपये और स्वास्थ्य क्षेत्रों के लिए 2.23 लाख करोड़ रूपये का प्रावधान दर्शाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवायी में सरकार लोगों के स्वास्थ्य के प्रति कितनी संवेदनशील है। कहा कि इस बजट में रोड, पावर, जनरेशन, पुल और बन्दरगाहों समेत तमाम चीजों पर निवेश बढ़ाया गया है।
जिलाध्यक्ष नितेश चंद्रवंशी ने कहा कि बजट में सोननगर-गोमो पूर्वी डेडीकेटेड फ्रेट काॅरीडोर (263.7 किलोमीटर) के निर्माण की घोषणा, एकलव्य विद्यालय खोला जाना जनहित के लिए काफी लाभदायक है। कुल मिलाकर इस बजट में सभी लोगों का ध्यान रखा गया है।
पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से विधानसभा प्रभारी टुन्नू गोप, वरिष्ठ नेता रमेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष देवनारायण मोदी, शिवेंद्र नारायण सिन्हा, जुही दास गुप्ता, जिला महामंत्री राजकुमार यादव, सुभाष मोदी, डॉ नरेश पंडित, रमेश हर्षघर, जिला मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर जोशी, मनोज कुमार झुन्नू, गोपाल कुमार गुतुल, आकाश वर्मा, पिंटू भारती, प्रवीण पांडेय, संजय शर्मा, राजेश सिन्हा, इन्द्रदेव मोदी, पंकज मोदी, द्वारिका राणा, ईश्वर मोदी, पिंटू मजूमदार, दिलीप गुप्ता आदि मौजूद थे।