गुरु पूर्णिमा के मौके पर एसएसभीएम में मनाई गई महर्षि वेदव्यास की जयंती
- बच्चों ने प्रस्तुत किए कई कार्यक्रम
गिरिडीह। बरगंडा में संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सोमवार को महर्षि वेदव्यास जयंती पर गुरु पूर्णिमा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। समिति के उपाध्यक्ष डॉ सतीश्वर प्रसाद सिन्हा, सह सचिव सीए राकेश कुमार, सदस्य मनोज छपरिया एवं प्रधानाचार्य शिवकुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर महर्षि वेदव्यास पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान स्कूल के बच्चों ने व्यास जी की जीवनी पर प्रकाश डाला, वहीं बहनों ने एक से बढ़कर एक भाव नृत्य एवं गीत की प्रस्तुति दिया। इस अवसर पर समिति की ओर से आचार्य-दीदी को वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मौके पर प्रधानाचार्य ने कहा कि आज का दिन गुरू शिष्य परंपरा का महान दिन है। भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वाेपरि है। विद्या भारती विद्यालयों में लौकिक ज्ञान के साथ-साथ आध्यात्मिक ज्ञान दिया जाता है। यह उत्सव गुरू व शिष्यों के रिश्तों को प्रगाढ़ बनाता है। शिष्य का कर्तव्य है कि आज के दिन गुरु की पूजा करके अपनी गलतियों को भूल कर नित्य सत्कर्मों पर चलते रहने का प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान मंच का संचालन अरविंद कुमार त्रिवेदी ने किया। वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में अशोक ओझा, मनीष कुमार पाठक, नलिन कुमार, बिपिन सहाय, पृथा सिन्हा, राजेंद्र लाल बरनवाल सहित विद्यालय के सभी आचायों का सराहनीय योगदान रहा।